बलरामपुर में स्थित जिला आयुर्वेदिक अस्पताल ।-संवाद
बलरामपुर। जिला के दो आयुष अस्पताल के लिए अच्छी खबर है। अस्पतालों के विद्युतीकरण के लिए शासन स्तर से बजट जारी किया गया है। आयुष अस्पताल में बिजली की सुविधा बढ़ने से स्वास्थ्य व्यवस्था में भी सुधार होने की उम्मीद है।
पचपेड़वा ब्लॉक क्षेत्र के होम्योपैथी चिकित्सालय मजगवां कला व आयुर्वेदिक अस्पताल नेवलगंज के विद्युतीकरण के लिए वर्ष 2024 से ही लिखापढ़ी चल रही थी। अस्पताल में बिजली की सुविधा न होने से चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी व मरीजों को काफी परेशानी होती है। दवाओं के रखरखाव में भी असुविधा हो रही है। विभाग के कई बाद डिमांड भेजने के बाद शासन स्तर से बजट जारी कर दिया गया है।
आयुर्वेदिक अस्पताल नेवलगंज के लिए 54,963 रुपये व होम्योपैथी चिकित्सालय मजगवां कला के लिए 1,53,678 रुपये स्वीकृत किए गए हैं। अब जल्द ही दोनों अस्पतालों के विद्युतीकरण का कार्य हो सकेगा। आयुष अस्पतालों का पूर्ण विद्युतीकरण होने से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा। पंखे, लाइट, पेयजल व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकेंगी
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. दिग्विजय नाथ ने बताया कि अस्पतालों के विद्युतीकरण के लिए पूर्व में ही एस्टीमेट बनाकर प्रस्ताव भेजा गया था। बजट मिलने से स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ बनाने और आमजन को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने में मदद मिलेगी।