गौरा चौराहा (बलरामपुर)। राजकीय पक्षी सारस के शिकार के आरोप में सोमवार को दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। यूपी 112 टीम दोनों आरोपियों को गौरा थाना ले गई। वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच व कार्रवाई में जुट गई है।
ग्रामीण राधिका प्रसाद, अनुभव सिंह, सचिन सिंह, प्रमोद कुमार, रंजीत, रवि सिंह, शिवमंगल, राजाराम व पृथ्वीपाल आदि ने सोमवार को बताया कि समदा गांव के पास राप्ती नदी के किनारे पक्षी के चिल्लाने की आवाज सुनी गई। सभी लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि गांव के ही शमशुद्दीन ने राजकीय पक्षी सारस का गला रेतकर उसको मार डाला है।
ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। ग्रामीणों से घिरता देख आरोपी चाकू लहराने लगा। ग्रामीणों ने घेरकर उसको पकड़ लिया। यूपी 112 को फोन किया गया। यूपी 112 की टीम आरोपी को गौरा चौराहा थाना ले गई।
प्रभारी निरीक्षक थाना गौरा चौराहा अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सारस की हत्या के आरोप में समदा निवासी शमशुद्दीन को गिरफ्तार किया गया है। सारस का मांस खरीदने वाले सब्जी व्यवसायी जनपद शाहजहांपुर निवासी मुराद अली को गिरफ्तार किया गया है। मुराद अली यहां सब्जी का व्यवसाय करता है।
भेजी गई वन विभाग की टीम
उप प्रभागीय वनाधिकारी मनाेज कुमार ने बताया कि तुलसीपुर यूनिट के रेंजर प्रवीन तिवारी मौके पर वन विभाग की टीम के साथ गए हैं। टीम की रिपोर्ट पर कार्रवाई की जाएगी। सारस राजकीय पक्षी है। सारस की हत्या करना घोर अपराध है। आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।