बलरामपुर के तुलसीपुर में स्थित नगर पंचायत कार्यालय।-संवाद
तुलसीपुर। नगर पंचायत तुलसीपुर के विकास के लिए 3.53 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया है। इस धनराशि से विभिन्न वार्डों में सीसी सड़क, नाली और खड़ंजा निर्माण के कार्य कराए जाएंगे। परियोजनाओं के पूरा होने से नगरवासियों को बेहतर आवागमन और जलनिकासी की सुविधा मिलेगी।
वार्ड नंबर 13 में डॉ. शरीफ के बगल से संगम लाल यादव के मकान के पास पुलिया तक 64.31 लाख रुपये से सीसी मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। वार्ड नंबर पांच में पहलवान चौरसिया से संतोष पटवा तक 20.54 लाख रुपये से सीसी मार्ग, नाली व क्रॉस का निर्माण होगा। इसी वार्ड में खैरुन्निशा के घर से नइमिया स्कूल होते हुए तुलसीपुर-गौरा मुख्य मार्ग तक 62.52 लाख रुपये से सीसी सड़क बनेगी। इसके अतिरिक्त भूपेंद्र मिश्रा के मकान से पानी टंकी होते हुए गोशाला तक 5.06 लाख रुपये से नाली का निर्माण कराया जाएगा।
लाल चौराहे से अखिलेश गुप्ता के मकान तक 36.90 लाख रुपये से नाला निर्माण तथा इटवा चौराहे के पास नई पानी टंकी से लाइफ केयर हॉस्पिटल होते हुए नगर पंचायत सीमा तक 74.91 लाख रुपये से नाले का निर्माण प्रस्तावित है। वार्ड नंबर छह में डॉ. बब्बन के मकान के पीछे से हकीकुल्ला के मकान होकर मुजीब के मकान से खुर्शीद के मकान के पास तक 22.53 लाख रुपये से सीसी सड़क व नाली बनेगी। वहीं, वार्ड नंबर तीन में तुलसीपुर नर्सिंग होम से यश ट्रेडर्स होते हुए गोशाला के पास तक बाईं ओर रोड पटरी पर 67.05 लाख रुपये से नाली का निर्माण कराया जाएगा।
चल रही टेंडर प्रक्रिया
नगर विकास के लिए बजट जारी हो चुका है। टेंडर प्रक्रिया चल रही है। सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही कार्य शुरू करा दिए जाएंगे। इन योजनाओं से नगर की आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और नागरिकों को राहत मिलेगी।
- कहकशां फिरोज, नगर पंचायत अध्यक्ष