बलरामपुर। बिग बैश क्रिकेट प्रतियोगिता सीजन-9 की ट्रॉफी का अनावरण बृहस्पतिवार को किया गया। एक दिसंबर से शुरू होने वाली इस प्रतियोगिता में आठ नामचीन टीमें हिस्सा लेंगी। विभिन्न टीमों में प्रदेश स्तर के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी मैदान पर अपना हुनर दिखाएंगे।
नगर के भगवतीगंज स्थित एक होटल के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राशिद हुसैन, चांद क्रिकेटर एवं समाजसेवी जाहिद जादरान ने संयुक्त रूप से ट्रॉफी का अनावरण किया। ट्रॉफी अनावरण के साथ ही प्रतियोगिता को लेकर खेल प्रेमियों का उत्साह भी बढ़ गया है।
प्रतियोगिता के आयोजक अतिउर्रहमान गुड्डु ने बताया कि एक दिसंबर से स्पोर्ट्स स्टेडियम में टीमों के बीच मुकाबले शुरू होंगे। उन्होंने बताया कि वह लगातार नौ वर्षों से इस प्रतियोगिता का आयोजन करा रहे हैं। इस प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
इस अवसर पर सलीम, दिनेश चौधरी खान, कलीम अहमद, शहंशाह आलम, अटल शर्मा, तुफैल खान, इरफान पठान और असद आदि मौजूद रहे।