हरैया सतघरवा। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवती से 40 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोप परिवहन निगम के एक कर्मी पर है। रुपये लेने के बाद भी नियुक्ति नहीं कराई गई और बाद में जॉइनिंग सूची में नाम शामिल कराने के नाम पर तीन लाख रुपये और मांगे गए। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
क्षेत्र के ग्राम गणेशपुर (नंदापुरवा) निवासी नीलम यादव ने तहरीर में बताया कि उन्होंने उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में नौकरी के लिए आवेदन किया था। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जॉइनिंग लेटर मिल गया, लेकिन कार्यभार ग्रहण नहीं कराया गया। इसी दौरान उनकी मुलाकात परिवहन निगम के लखनऊ मुख्यालय में कार्यरत बताए गए विपिन कुमार दुबे से हुई। आरोप है कि उसने स्वयं को प्रभावशाली बताते हुए ज्वाइनिंग सूची में नाम शामिल कराकर नियुक्ति दिलाने का भरोसा दिया और इसके बदले 40 हजार रुपये मांगे।
नीलम के अनुसार, 15 मार्च 2026 को उन्होंने गूगल पे के माध्यम से आरोपी के खाते में 40 हजार रुपये भेज दिए। इसके बावजूद जॉइनिंग नहीं हुई। कई बार संपर्क करने पर आरोपी ने सूची में नाम शामिल कराने के लिए तीन लाख रुपये और देने की मांग की। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह रकम नहीं दे सकीं।
पीड़िता ने पहले आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार से मिलकर प्रकरण की जानकारी दी। एसपी के निर्देश पर मामला दर्ज कर लिया गया है। एसपी ने बताया कि ऑनलाइन बैंक लेनदेन, गूगल पे भुगतान, मोबाइल कॉल डिटेल, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने इसी तरह अन्य अभ्यर्थियों से भी रुपये वसूले हैं या नहीं।