बलरामपुर। ट्रेनों में सीटें फुल हो गई हैं। बड़े शहरों से बलरामपुर आने वाली ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिल रहा है। इससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। दीपावली व छठ पूजा पर दिल्ली व मुंबई जैसे बड़े शहरों से लोगों का घर आना शुरू हो गया है। अब यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए रोडवेज बसों ने कमान संभाल ली है। अब दिल्ली व कानपुर जैसे बड़े शहरों के लिए अतिरिक्त रोडवेज बसें भेजी जा रही हैं।
दिल्ली में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे मनोज व नारंग ने फोन पर बताया कि दीपावली व छठ पूजा में घर आने की तैयारी कर रहे हैं। एक तरफ जहां बड़े शहरों के लिए बलरामपुर से जाने वाली अधिकांश ट्रेनों में सीट खाली हैं।
वहीं दिल्ली व मुंबई जैसे बड़े शहरों से बलरामपुर आने वाली ट्रेनों में सीट फुल हैं। कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में यहां आने के लिए लोगों को रोडवेज बस से यात्रा करनी पड़ रही है। जो स्पेशल ट्रेन चल रही हैं, वह यहां से जाने वालों के लिए मददगार होंगी। हालांकि बलरामपुर आने वाले लोग भोपाल, पुणे, दिल्ली, मुंबई में फंसे हैं। उन्हें घर पहुंचने में काफी जुगत करनी पड़ रही है। भोपाल में रह रहे रामकुमार शुक्ल ने बताया कि उन्हें 16 अक्तूबर को चलना है।
झांसी तक की ट्रेन मिली है। वहां से वह बस से ही यात्रा करेंगे। इसी तरह नागपुर से अनिल कुमार द्विवेदी को भी किसी तरह से भाेपाल तक की ट्रेन में सीट मिली है, झांसी तक वह किसी दूसरी ट्रेन से आएंगे। इसके बाद बस से यात्रा करेंगे।
आने वाली ट्रेनों में नहीं मिल रही सीटें
हमसफर ट्रेन नई दिल्ली से रोज चलती हैं लेकिन 1560 बर्थ वाली यह ट्रेन भी फुल हो चुकी है। इसी तरह मुंबई से आने वाली पनवेल एक्सप्रेस और लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस ट्रेन में भी 1560 बर्थ है लेकिन कोई सीट खाली नहीं बची है। इसी तरह मुंबई से आने वाली बांद्रा एक्सप्रेस ट्रेन में भी सीट नहीं है। त्योहारों को देखते हुए ट्रेनों में पहले से ही बुकिंग हो चुकी है।
त्योहार के बाद इन ट्रेनों से जाने की मिलेगी सहूलियत
दिवाली के बाद बलरामपुर होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों में सीट है। लेकिन इन ट्रेनों में भी सीट 20 अक्तूबर को दिवाली के बाद ही उपलब्ध है। जिससे लोगों को जाने में दिक्कत नहीं होगी। बढ़नी से चलने वाली 05005 बढ़नी-अमृतसर पूजा विशेष ट्रेन में शयनयान श्रेणी में 305 बर्थ खाली है। 22 अक्तूबर को शयनयान श्रेणी में 300 बर्थ और 29 अक्तूबर को शयनयान श्रेणी में 350 बर्थ उपलब्ध है। 25 अक्तूबर को वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी में 78, तृतीय श्रेणी में 349 व शयनयान श्रेणी में 412 बर्थ खाली है। यह ट्रेन वापसी के लिए मुफीद होंगी। पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि दीपावली व छठ पूजा पर कई विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
बड़े शहरों को भेजी जा रही है रोडवेज बसें
दीपावली व छठ पूजा को देखते हुए बलरामपुर डिपो से बड़े शहरों के लिए कई अतिरिक्त रोडवेज बसों को संचालन शुरू कर दिया गया है। एआरएम गोपीनाथ दीक्षित ने बताया कि बलरामपुर डिपो के पास 107 बसों का बेड़ा है। दिल्ली, कानपुर, गोरखपुर, प्रयागराज, अयोध्या, वाराणसी व लखनऊ जैसे शहरों के साथ गोंडा, बहराइच व बस्ती जैसे आसपास जनपदों के लिए भी कई रोडवेज बसों का संचालन जल्द ही बढ़ा दिया जाएगा।