बलरामपुर। स्थानीय ब्लॉक के भंवरिया गांव जाने वाले संपर्क मार्ग पर निर्माण न होने से लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने डीएम को प्रार्थना पत्र भेजकर समस्या का निराकरण कराने की मांग की है।
ग्रामीण शकुंतला, शफीउल्ला, अकबर, जमाल व शहजाद आदि ने डीएम को भेजे गए शिकायती पत्र में कहा है कि रेलवे ने भंवरिया गांव जाने वाले संपर्क मार्ग को भूमिगत निर्माण कराने के लिए रास्ता बंद करा दिया था।
रास्ता बंद होने से गांव के लोगों को रेलवे ट्रैक से आना जाना पड़ रहा है जिससे कभी भी लोग दुर्घटना का शिकार हो सकते है। गांव के लोगों को मरीजों को ले जाने के लिए भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में कई बार स्थानीय स्तर पर समस्या का निराकरण कराने की मांग की गई लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। इन लोगों ने डीएम से तत्काल समस्या का निराकरण कराने की मांग की है। शीघ्र समस्या का निराकरण न होने पर ग्रामीणों ने उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।