बलरामपुर। डिजिटल इंडिया अभियान पहली जुलाई 2015 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लांच किया था। इसके छह वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री ने देश के तमाम लाभार्थियों से सीधा संवाद किया।
कलेक्ट्रेट के एनआईसी में गुरुवार को प्रधानमंत्री के संवाद कार्यक्रम में सदर शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय धुसाह प्रथम की कक्षा पांच की छात्रा सुहानी साहू व प्रधानाध्यापिका प्रतिमा सिंह शामिल हुईं। छात्रा व प्रधानाध्यापिका ने प्रधानमंत्री को इस दौरान डिजिटल इंडिया की उपयोगिता के बारे में बताया।
प्रधानमंत्री ने संवाद कार्यक्रम में सबसे पहले छात्रा सुहानी साहू से पूछा कि आप पढ़ाई कैसे करती हैं तो उसने बताया कि कोरोना काल में वह दीक्षा एप से पढ़ाई करती हैं। रोजाना एक घंटे पढ़ती हैं और इस बीच मां के कार्य में भी सहयोग करती हैं। प्रधानमंत्री ने सुहानी को बेहतर पढ़ाई करने और मां का सहयोग करने पर बधाई दी।
उसके बाद प्रधानमंत्री ने प्रधानाध्यापिका से दीक्षा एप के बारे में पूछा। उन्होंने बताया कि दीक्षा एप बहुत उपयोगी है। दीक्षा के एक लाख 62 हजार कंटेंट को छात्र-छात्राओं के साथ साझा किया। कोरोना महामारी के दौर में बच्चों को पढ़ाई जारी रखने में डिजिटल इंडिया का सराहनीय योगदान रहा है। दीक्षा एप पर ऑनलाइन क्लास के संचालन में काफी मदद मिली है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि ऑफलाइन पढ़ाई के दौरान भी दीक्षा एप का प्रयोग करने के तरीके तैयार किए जा रहे हैं जो बच्चों के भविष्य को संवारने में काफी उपयोगी साबित होंगे। 5.55 मिनट के सीधा संवाद में प्रधानमंत्री से प्रधानाध्यापिका से अन्य कई सवाल किए जिनका जवाब उन्होंने बेहतर ढंग से दिया।
संवाद कार्यक्रम में शामिल कराने के लिए 30 जून को सूचना प्रसारण मंत्री रविशंकर प्रसाद के साथ कलेक्ट्रेट के एनआईसी में छात्रा व प्रधानाध्यापिका के कार्यक्रम का मॉकड्रिल कराया गया जो देर रात तक चलता रहा। प्रधानमंत्री ने देश के अन्य कई लाभार्थियों से डिजिटल इंडिया के बारे में सीधा संवाद किया गया जिसका लइव प्रसारण किया गया।
बाद में प्रधानमंत्री ने डिजिटल इंडिया के छह वर्ष पूरे होने पर इस दौरान लोगों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में प्रकाश डाला। प्रधानमंत्री के संवाद कार्यक्रम में डीएम श्रुति, बीएसए डॉ. रामचंद्र, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी दीपांकर श्रीवास्तव, ई-डिस्ट्रिक्ट कोआर्डिनेटर प्रतीक नरेश, जिला सूचना अधिकारी आशुतोष कुमार, नेटवर्क इंजीनियर ऐश्वर्य दीप, अनुराग द्विवेदी व अमिति कुमार गौतम आदि मौजूद रहे।