फोटो-31-बलरामपुर के झारखंडी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करती पुलिस टीम ।-स्रोत : विभाग
बलरामपुर। स्वतंत्रता दिवस को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एसपी विकास कुमार और एएसपी विशाल पांडेय के नेतृत्व में पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, होटल, सराय, धर्मशाला, गेस्ट हाउस और किराये के मकानों में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
एसपी ने बताया कि ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी और डिजिटल कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। फुटेज की लाइव मॉनिटरिंग इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर से होगी। कार्यक्रम स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ड्रोन से हवाई निगरानी की जाएगी। डायल-112 की पीआरवी और क्यूआरटी को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
नेपाल सीमा से सटे थाना क्षेत्रों में बैरियर लगाकर वाहनों और लोगों की जांच की जा रही है। साइबर सेल सोशल मीडिया पर नजर रखेगा और भ्रामक सूचना या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हिस्ट्रीशीटर, वांछित और संदिग्ध लोगों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते ने सार्वजनिक व महत्वपूर्ण स्थलों पर जांच की। एलआईयू टीम भी संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल डायल-112 पर देने की अपील की है।