महराजगंज तराई (बलरामपुर)। लालपुर लैबुड्डी गांव के प्राचीन राम जानकी मंदिर से बुधवार की रात राम, सीता व हनुमान की मूर्तियां चोरी हो गईं। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
लालपुर लैबुड्डी स्थित रामजानकी मंदिर के पुजारी ने बताया कि मंदिर में राम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान व भरत तथा शत्रुघ्न की प्राचीन मूर्तियां रखी थी। चोर बुधवार की रात मंदिर से राम, सीता व हनुमान की मूर्ति उठा ले गए हैं।
मंदिर की निगरानी पुजारी के अलावा दो चौकीदार भी करते है। पुजारी के बड़े भाई राकेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2001 में मंदिर की सभी छह मूर्तियां चोरी हो गई थीं। दूसरे दिन यह मूर्तियां मंदिर के सामने स्थित कुएं से मिली थीं।
मंदिर के नाम लगभग 100 बीघा जमीन है। इस जमीन का कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक एके मिश्र ने बताया कि मंदिर से तीन मूर्तियां चोरी होने की सूचना मिली है। मूर्तियां अष्टधातु की है या किसी अन्य धातु की इसकी जांच कराई जा रही है। मंदिर से जुड़े जमीनी विवाद सहित अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।