बलरामपुर। जिला मेमोरियल अस्पताल में मरीज के ऑपरेशन के नाम पर रुपये वसूलने के वायरल वीडियो के मामले में अब तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी गई है। शासन और जिला प्रशासन की ओर से रिपोर्ट मांगे जाने के बाद अस्पताल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। साथ ही वायरल वीडियो में रुपये लेते दिख रहे लोगों की फोटो अस्पताल परिसर में प्रमुख स्थानों पर चस्पा कराने का निर्णय लिया गया है, ताकि मरीज और तीमारदार दोबारा इनके झांसे में न आएं। इन लोगों के अस्पताल में प्रवेश पर भी रोक लगाने की तैयारी है।
सीएमएस डॉ. हीरालाल ने बताया कि जांच कमेटी में अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राजेश सिंह और जिला महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. राज कुमार को शामिल किया गया है। कमेटी में सीएमओ कार्यालय से एक प्रतिनिधि को नामित करने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को पत्र भेजा गया है। तीन सदस्यीय कमेटी पूरे प्रकरण की जांच कर अपनी रिपोर्ट देगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, पिछले दिनों जिला मेमोरियल अस्पताल की ओटी में एक अर्थोपेडिक सर्जन के नाम पर दो लोग मरीज से ऑपरेशन के लिए 18 हजार रुपये लेते हुए दिखाई दिए थे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। शासन और जिला प्रशासन ने भी प्रकरण का संज्ञान लेते हुए अस्पताल प्रशासन से रिपोर्ट मांगी थी। अमर उजाला ने मंगलवार के अंक में इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर प्रकाशित होने के बाद शासन ने इसका संज्ञान लिया, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन ने जांच की कार्रवाई शुरू कर दी।