फोटो-37-बलरामपुर के हरैया सतघरवा में अस्पताल का निरीक्षण करते डीएम ।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुरा का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, वार्ड, इमरजेंसी कक्ष, लेबर रूम और दवा स्टोर का जायजा लेकर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
डीएम ने ओपीडी और वार्ड में भर्ती मरीजों के उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को समय से चिकित्सकीय परामर्श और उपचार मिलना चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए उन्होंने लेबर रूम के सुदृढ़ीकरण का निर्देश दिया। कहा कि प्रसव के लिए आने वाली गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। दवा स्टोर का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने को कहा।
डीएम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक आवागमन सुगम बनाने के लिए मुख्य मार्ग से अस्पताल को सीसी रोड के माध्यम से जोड़ने का निर्देश भी दिया। परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को बेहतर रखने के साथ चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहाकि सीएचसी क्षेत्र की बड़ी आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराता है, इसलिए यहां आने वाले मरीजों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलना चाहिए। निरीक्षण के दौरान अपर सीएमओ डॉ. एके शुक्ला एवं अधीक्षक सुजीत पांडेय सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।