बलरामपुर। जिले के तीनों गन्ना विकास समितियों में बुधवार को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया। तीनों समितियों में 19 वोटर बढ़े हैं। अब तीनों समितियों में तीन लाख तीन हजार 49 वोटरों को 2192 डेलीगेट का चुनाव कराना है। 26 सितंबर को नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। 27 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 30 सितंबर को नाम वापसी के साथ ही सिंबल भी अलॉट किया जाएगा। तीन अक्तूबर को मतदान व मतगणना कराई जाएगी।
सहकारी गन्ना विकास समिति बलरामपुर के 643 राजस्व ग्रामों में एक लाख 68 हजार 210 सदस्यों को पहले वोटर बनाया गया था, यहां छह वोटर बढ़ाए गए हैं। अब एक लाख 68 हजार 216 वोटरों को 1169 डेलीगेट का चुनाव करना है, जो 11 डायरेक्टर का चुनाव करेंगे। सहकारी गन्ना विकास समिति उतरौला के 198 राजस्व ग्रामों में 36 हजार 999 सदस्यों को पहले वोटर बनाया गया था, जिसमें एक वोट बढ़ गया है। अब 37 हजार वोटरों को उतरौला के 314 डेलीगेट का चुनाव कराना है, नौ डायरेक्टर का चुनाव करेंगे। सहकारी गन्ना विकास समिति तुलसीपुर में 405 राजस्व ग्रामों में पहले 97 हजार 821 सदस्यों को वोटर बनाया गया था, यहां 12 वोटर बढ़ गए हैं। अब तुलसीपुर समिति में 97 हजार 833 वोटरों को 709 डेलीगेट का चुनाव करना है , जो 11 डायरेक्टर का चुनाव करेंगे।
सहायक जिला सहकारी निर्वाचन अधिकारी/एआर कोऑपरेटिव अमरेश मणि तिवारी ने बताया कि बलरामपुर, उतरौला व तुलसीपुर गन्ना विकास समितियों में डेलीगेट के निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जो तीन अक्तूबर तक चलेगी। इसके बाद सात अक्तूबर से प्रबंध कमेटी के सदस्यों का चुनाव होगा। 17 अक्टूबर से सभापति, उपसभापति व अन्य समितियों में भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।