महराजगंज तराई (बलरामपुर)। तीन मार्ग दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई है। घटनाओं में चार लोग घायल हुए हैं। एक की हालत गंभीर होने पर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दो घटनाएं महराजगंज तराई थाना क्षेत्र में तथा एक घटना देहात थाना क्षेत्र में हुई हैं।
थाना महराजगंज तराई के लौकहवा गांव के पास नेशनल हाईवे पर मंगलवार को आमने-सामने की बाइक टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और तीन घायल हो गए। कौवापुर निवासी अशफाक (40), जैतूना पत्नी लिल्लाही (45), फरजाना पुत्री लिल्लाही (18) तथा अफसाना पुत्री लिल्लाही (12) निवासी लौकहवा थाना महराजगंज तराई तुलसीपुर ताजिया देखने बाइक से जा रहे थे तभी लौकहवा गांव के पास नेशनल हाईवे पर तुलसीपुर से आ रहे गनवरिया निवासी इबरार (19) की बाइकसे आमने-सामने टक्कर हो गई।
घटना में घायल सभी लोगों को 108 नंबर एंबुलेंस से सीएचसी तुलसीपुर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुमंत सिंह चौहान ने बताया कि थाना महराजगंज तराई के कौवापुर निवासी अशफाक व थाना तुलसीपुर के गनवरिया निवासी इबरार की इलाज के दौरान मौत हो गई है। घायल जैतूना की हालत गंभीर होने के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। फरजाना और अफसाना का इलाज किया जा रहा है।
महराजगंज तराई थाना क्षेत्र के सेमरी चौराहा के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार घायल हो गया। मंगलवार की शाम छह बजे मोहर्रम का मेला देखकर वापस लौटते समय सेमरी निवासी मोहम्मद उमर (30) को अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी। घायल मोहम्मद उमर को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
देहात थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर छुट्टा जानवर के टकराने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। देहात थाना क्षेत्र के पड़री गांगनार निवासी प्रियांशु सिंह (30) बलुआ गांव तजिया देखने गए थे। कर्बला से लौटते समय सड़क पर घूम रहे छुट्टा जानवर से उनकी बाइक टकरा गई। घटना में मौके पर ही प्रियांशु सिंह की मौत हो गई।