देहात (बलरामपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बेलहा मोड़ नेशनल हाइवे पर रात के समय कार व गन्ना लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने भिड़ंत में कार में सवार तीन लोग घायल हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि लखनऊ से ये लोग अपने निजी कार से शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर तुलसीपुर में बच्चे का मुंडन संस्कार कराने आए थे। देवीपाटन मंदिर से लखनऊ के लिए वापस लौटते समय घटना हुई है। पुलिस ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
देहात कोतवाल रमांशकर यादव ने शनिवार को बताया कि अस्पताल में भर्ती घायलों के मुताबिक आशियाना लखनऊ के प्रवीण मिश्र (45), भारती मिश्रा (42) व अनिल मिश्र (14) के साथ बच्चे का मुंडन कराने शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर तुलसीपुर आए थे।
शाम को वापस लौटते समय देहात कोतवाली क्षेत्र के बेलहा मोड़ के पास नेशनल हाइवे पर सामने से आ रही गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ गए। घटना में प्रवीण, भारती व अनिल को चोटें आई हैं। कार क्षतिग्रस्त हो गई है। गन्ना लदी ट्रेक्टर-ट्रॉली भी पलट गई है।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को इलाज के लिए जिला मेमोरियल अस्पताल के इमरजेंसी में भर्ती करा दिया है। वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की छानबीन कराई जा रही है।