बलरामपुर। हरैया सतघरवा ब्लॉक संसाधन केंद्र के औचक निरीक्षण में तीन कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चंद्र श्रीवास्तव ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने तीनों कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब करते हुए बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
बीएसए ने बताया कि उन्होंने बृहस्पतिवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र हरैया सतघरवा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र पर अनुशासन, कर्मचारियों की उपस्थिति और विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के समय सहायक अध्यापक एवं आधार ऑपरेटर शिवांशु चौहान और कार्यालय सहायक अरविंद कुमार तिवारी सहित तीन कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इनमें शिवांशु चौहान लगातार तीन दिनों से बिना किसी पूर्व सूचना या स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित थे।
बीएसए ने तीनों कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि वे अपनी अनुपस्थिति के संबंध में संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। निर्धारित समय में जवाब नहीं देने या स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।