बलरामपुर। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रेहरा बाजार का निरीक्षण किया। निरीक्षण में तीन चिकित्सक व नौ कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने नाराजगी जताते हुए सभी के वेतन रोकने का निर्देश दिया है।
सीएमओ ने पीएचसी के लैब, वार्ड व ओपीडी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय चिकित्साधिकारी डॉ. जाकिर हुसैन, डॉ. उर्मिला व डॉ. बृजेश मौर्य, वार्डबॉय अनूप कुमार तिवारी, रोहित सिंह, चपरासी अशोक कुमार, एनएमए प्रदीप कुमार, हेल्थ सुपरवाइजर कमलदीप निराला, वरिष्ठ सहायक शरद कुमार श्रीवास्तव, सफाई कर्मचारी राजाराम, वार्ड आया माया देवी, लैब टेक्नीशियन गिरीश त्रिपाठी, डॉ. जाकिर हुसैन, डॉ. उर्मिला व डॉ. बृजेश मौर्य अनुपस्थित पाए गए। ड्यूटी के प्रति लापरवाही पर सीएमओ ने सभी का वेतन रोक दिया है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को सख्त निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएमओ की कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
रेहरा बाजार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी विजय भान ने बताया कि डॉ. जाकिर हुसैन व सफाईकर्मी राजाराम की नाइट ड्यूटी थी। डॉ. बृजेश मौर्य ने उनको अवकाश का प्रार्थना पत्र दिया है। इसके अलावा चपरासी अशोक कुमार को उन्होंने जिला मुख्यालय व हेल्थ सुपरवाइजर कमलदीप निराला को फील्ड में भेजा था। चिकित्सक व कर्मियों के दूसरे काम में व्यस्त होने के कारण वह अस्पताल में नहीं मिले। ऐसे में बिना वजह जाने कर्मियों का वेतन रोकने से सीएमओ की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।