महराजगंज तराई। दुर्गा पूजा व दशहरा में किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अशांति फैलाने वालों को जेल भेजा जाएगा। यह बातें महराजगंज थाने में रविवार को आयोजित पीस कमेटी की बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी निरीक्षक राजितराम ने कही।
उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर पूर्व में दुर्गा पूजा पंडाल सजाया जाता रहा है वहां प्रतिमा रखी जा सकती है लेकिन नए स्थानों पर मूर्ति रखने के लिए एसडीएम से परमीशन लेना जरूरी है। बिना परमीशन के नए स्थानों पर प्रतिमा कदापि नहीं रखी जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रतिमा रखने के लिए कहीं भी किसी प्रकार का विवाद नहीं होना चाहिए। किसी तरह के अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए। कोई समस्या आने पर तत्काल थाने को सूचित किया जाए। उन्होंने ग्राम प्रधानों तथा क्षेत्र के प्रबुद्धजनों से अपील किया कि दुर्गा पूजा व दशहरा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें।