फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: जिम्मेदारों ने पीछे खींचे कदम, नहीं हो सका निर्णय

विज्ञापन
बलरामपुर के महदेइया बाजार में बैठक कर चर्चा करते ब्लॉक प्रमुख हेमंत जायसवाल ।-संवाद
विज्ञापन
श्रीदत्तगंज। महदेइया चौकी विवाद सुलझता नजर नहीं आ रहा है। ब्लॉक प्रमुख हेमंत जायसवाल ने शाम को जिलाध्यक्ष रवि मिश्र से मुलाकात की। हालांकि चौकी प्रभारी को हटाए जाने की मांग पर कोई फैसला नहीं हो सका। शनिवार को दोनों नेता पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करेंगे। वहीं, ब्लॉक प्रमुख के चौकी का घेराव करने के फैसले पर संगठन के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता असंतुष्ट हैं।
विज्ञापन

प्रकरण को लेकर भाजपा संगठन सावधानीपूर्वक कदम उठा रहा है। मामले में बीच का हल निकालने की कोशिश की जा रही है। ब्लॉक प्रमुख हेमंत जायसवाल ने हाल में हुई कार्रवाई को कार्यकर्ताओं के सम्मान से भी जोड़ने की कोशिश की, लेकिन अंदरखाने इसे लेकर नाराजगी है। संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मानते हैं कि चौकी घेरने का फैसला विवाद को सुलझाने के बजाय, तनाव बढ़ाने वाला साबित हुआ। फिलहाल जिलाध्यक्ष रवि मिश्र ने ब्लॉक प्रमुख से पूरी बात सुनी। उन्होंने कहा कि सम्मानजनक हल निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।

शीर्ष नेतृत्व के निर्देश का इंतजार
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई को लेकर भी नाराजगी है, लेकिन संगठन अब खुलकर पुलिस के खिलाफ नहीं जाना चाहता। सांगठनिक स्तर पर रक्षात्मक रणनीति अपनाई जा रही है, ताकि मामला और न बढ़े। इस घटना के बाद क्षेत्रीय नेताओं और मंडल पदाधिकारियों की निगाहें जिला संगठन पर टिकी हैं। बताया जा रहा है कि शीर्ष नेतृत्व को पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट भेजी जा चुकी है और किसी भी निर्णय से पहले मुख्यालय से निर्देश का इंतजार किया जा रहा है।
विज्ञापन

एसपी से न्याय की उम्मीद
महदेइया प्रकरण में पुलिस अधीक्षक विकास कुमार से वार्ता की गई है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। संगठन को न्याय की उम्मीद है।
- रवि मिश्र, जिलाध्यक्ष भाजपा
पुलिस अधीक्षक ने कार्यालय बुलाया
महदेइया प्रकरण पर पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को कार्यालय बुलाया है। 12 बजे कार्यकर्ताओं के साथ उनसे भेंट होगी। उसके बाद भी आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।
- हेमंत जायसवाल, ब्लॉक प्रमुख श्रीदत्तगंज
यह था मामला
महदेइया बाजार चौकी प्रभारी संतोष कुमार पर कार्यकर्ता से अभद्रता और मारपीट का आरोप लगाते हुए भाजपा नेताओं ने मंगलवार देर रात करीब 12 बजे चौकी का घेराव कर नारेबाजी की। ब्लॉक प्रमुख हेमंत जायसवाल से चौकी प्रभारी की कहासुनी से विवाद बढ़ गया। उन्होंने चौकी प्रभारी के खिलाफ धरना शुरू कर दिया। सीओ उतरौला ने किसी तरह से हालात को संभाला। वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष के आश्वासन पर बुधवार तड़के चार बजे ब्लॉक प्रमुख ने धरना समाप्त किया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें