बलरामपुर। सकट चतुर्थी का पर्व सोमवार को परंपरागत तरीके से मनाया जाएगा। महिलाएं अपने पुत्रों के दीर्घायु की कामना के साथ निर्जला व्रत रखकर पूजन-अर्चन करेंगी। इसके लिए घरों में तैयारियां पूरी कर ली गईं। रविवार को बाजारों में तिल, गंजी और पूजन सामग्री की लोगों ने खूब खरीदारी की।
सकट चतुर्थी के पर्व को लेकर रविवार को बाजार में रौनक दिखाई दी। पूजन के लिए गंजी के साथ तिल, गुड़ और लाई समेत अन्य सामानों की खरीदारी की गई। महिलाओं ने अपने लिए कपड़े भी खरीदे। शहर के वीर विनय चौराहा, पहलवारा, चौक, सराय फाटक व भगवतीगंज आदि स्थानों पर लड्डुओं व अन्य सामग्रियों की बिक्री तेज रही। अर्चना गुप्ता, सविता, मालती व ममता सिंह ने बताया कि सकट पर्व की सभी तैयारियां पूरी कर लीं हैं। पूरा दिन निर्जला व्रत रखने के बाद शाम को पूजा-अर्चना की जाएगी।
पूजन के लिए घरों में वेदी बनाने का काम भी महिलाओं ने पूरा कर लिया। चावल के आटे से बनने वाले पकवानों को लेकर रात तक तैयारियां की जाती रहीं। वहीं, बहनों के घर मायके से भाई चावल, तिल आदि सामान लेकर पहुंचे। पंडित नारायण शरण दीक्षित ने बताया कि सकट पूजा के लिए रात 8.5 बजे चंद्रोदय का मुहूर्त है। चांद दिखते ही पूजा-अर्चना शुरू कर दी जाएगी।