जरवा। विद्युत उपखंड तुलसीपुर के कोयलाबास फीडर से जुड़े ग्राम दत्तापुर व भगवानपुर के लोग बीते चार दिनों से बिजली कटौती झेल रहे हैं। लगभग 1,500 की आबादी वाले इस गांव में अंधेरा पसरा है। जंगली इलाके से सटे होने के कारण ग्रामीणों को रात में जहरीले जीव-जंतुओं और जंगली जानवरों का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली न होने से छोटे बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान हैं। अंधेरे के कारण दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। उपभोक्ता मुन्ना सिंह, अजय सिंह, सोनू, शकील, सलमान, रहीम सहित कई लोगों ने बताया कि उन्होंने कई बार क्षेत्रीय लाइनमैन और अधिकारियों को सूचना दी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बाद से जेई दयाराम फोन तक नहीं उठा रहे हैं।
क्षेत्रीय लाइनमैन रहीम ने बताया कि गांव में लगा बिजली का केबल खराब हो गया है, जिससे आपूर्ति बाधित है। वहीं उपखंड अधिकारी जय गोविंद गौड़ ने आश्वस्त किया कि लाइनमैन को भेजकर जल्द ही बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी।