-बलरामपुर के एसपी कार्यालय पर मौजूद पकड़े गए अभियुक्त ।-स्रोत:विभाग
बलरामपुर। रेकी करके रेहरा बाजार क्षेत्र के टीपी रिन्यूएबल मोइक्रोरिट टाटा पावर प्लांट के सौर ऊर्जा संयंत्र से बैटरी चुराने वाले गिरोह के छह आरोपियों को बुधवार की सुबह पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
जनपद गोंडा थाना खरगूपुर बाजार निवासी राजू गुप्ता उर्फ राजकुमार गुप्ता, ग्राम मुरावन का पुरवा मल्लापुर बाजार निवासी राम विलास मौर्य उर्फ बब्लू, संतोष मौर्य, ग्राम हरभजन का पुरवा रूपईडीह निवासी उदयराज यादव, ग्राम राधानगर रूपईडीह निवासी मनीष वर्मा उर्फ लल्लू व बहराइच जिले के थाना पयागपुर के ग्राम मैनिहवा सुहरियांवा निवासी खुशीराम गौतम को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
जनपद गोंडा थाना मनकापुर के ग्राम दतौली निवासी महेंद्र कुमार ने रेहरा बाजार थाने में 29 अगस्त 2025 को केस दर्ज कराया था। कहा कि ग्राम रेहरा में स्थित टीपी रिन्यूएबल मोइक्रोरिट टाटा पावर प्लांट के सौर ऊर्जा संयंत्र से 24 बैटरी चोरी हो गई है। एसपी विकास कुमार ने एएसपी विशाल पांडेय व सीओ उतरौला राघवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम गठित करके घटना का जल्द खुलासा करने का निर्देश दिया। प्रभारी निरीक्षक रेहरा बाजार दुर्गेश कुमार सिंह की टीम ने बुधवार की सुबह सभी छह आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों के पास से बैटरी को बेचकर मिले 15,220 रुपये व घटना में प्रयुक्त वाहन स्कूल बस को बरामद कर लिया। (संवाद)