बलरामपुर के उतरौला-बस्ती जर्जर मार्ग पर हुआ जलभराव।
बलरामपुर। उतरौला-पीलीभीत-बस्ती मार्ग के चौड़ीकरण का रास्ता साफ हो गया है। शासन स्तर से स्वीकृति मिल गई है। 74.73 करोड़ रुपये का बजट तय हुआ है, जिससे सड़क का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण होगा। सड़क बनने से दो जनपदों बलरामपुर और बस्ती के बीच आवागमन न केवल आसान होगा, बल्कि व्यापार एवं सरकारी सेवाओं तक पहुंच भी बेहतर होगी।
उतरौला क्षेत्र के लोगों में इस परियोजना को लेकर उत्साह है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क जर्जर होने के कारण सफर में अतिरिक्त समय लगता था। चौड़ीकरण से अब एंबुलेंस, स्कूल बस और मालवाहक वाहनों को बड़ी राहत मिलेगी। उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा ने बताया कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि यह मार्ग दो जिलों को जोड़ने वाली जीवनरेखा है। इसके चौड़ीकरण से क्षेत्र में रोजगार और व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ेंगी।
स्थानीय निवासी हेमंत, राजेश, विनोद व पप्पू आदि ने कहा कि सड़क दुरुस्त न होने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। चौड़ीकरण से अब सुरक्षित यात्रा संभव होगी। वहीं व्यापारी सुनील गुप्ता ने बताया कि सड़क चौड़ी होने से माल ढुलाई में लगने वाला समय कम होगा, जिससे व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।