ललिया। क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुरा में मंगलवार सुबह ओपीडी के दौरान बवाल हो गया। यहां तैनात चिकित्सक डॉ. प्रणव पांडेय की पिटाई, अभद्रता और सरकारी अभिलेख फाड़े जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर डॉक्टर ने मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
डॉ. पांडेय के मुताबिक सुबह करीब 11 बजे वह ओपीडी में मरीजों को देख रहे थे। इसी दौरान पास स्थित मेडिकल स्टोर के संचालक शिवकुमार पाल अपने दो साथियों संग ओपीडी कक्ष में घुस गया और पर्चियों को अपने मेडिकल स्टोर पर भेजने का दबाव बनाने लगा। विरोध पर आरोपियों ने पहले गालीगलौज की, फिर पिटाई कर दी।
तहरीर में डॉक्टर ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए मेज पर रखे मरीजों से संबंधित पर्चे और अन्य सरकारी अभिलेख फाड़ दिए। शोर सुनकर अस्पताल कर्मी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कराया। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि चिकित्सक की तहरीर पर आरोपी शिवकुमार पाल व अन्य दो अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना की जा रही है।