फोटो-29-बलरामपुर के स्पोटर्स स्टेडियम में क्रिकेट खेलते खिलाड़ी ।-संवाद
बलरामपुर। स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही टीचर्स प्रीमियर लीग (टीपीएल) के तीसरे दिन रविवार को दोनों सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। रोमांचक मुकाबलों में बेसिक वॉरियर्स पचपेड़वा और बेसिक वॉरियर्स गैसड़ी ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली। शानदार प्रदर्शन के लिए पचपेड़वा के शिवकुमार और गैसड़ी के आकाश को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
पहला सेमीफाइनल मुकाबला बेसिक वॉरियर्स पचपेड़वा और बेसिक वॉरियर्स रेहरा के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पचपेड़वा की टीम ने पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रेहरा की टीम ने निर्धारित 14 ओवर में छह विकेट खोकर 145 रन बनाए। जवाब में पचपेड़वा की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 10.5 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 148 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया और फाइनल में प्रवेश किया। इस मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए शिवकुमार को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला बेसिक वॉरियर्स गैसड़ी और बेसिक वॉरियर्स बलरामपुर के बीच हुआ। गैसड़ी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 14 ओवर में सात विकेट खोकर 125 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बलरामपुर की टीम 9.2 ओवर में 97 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह गैसड़ी ने 28 रन से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह पक्की कर ली। शानदार प्रदर्शन के लिए आकाश को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण अनुशासन, टीम भावना और निरंतर प्रयास है। खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़ना चाहिए।
इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह, राजेश सिंह चौहान, डॉ. आरके सिंह, डॉ. सलमान अतीक, डॉ. राजेश कुमार सिंह और टीपीएल के अध्यक्ष नवीन कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।