फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: तीन साल से टंकी तैयार, पानी को तरस रहे 3000 लोग

विज्ञापन
विज्ञापन
जल जीवन मिशन के तहत ग्राम पंचायत महादेव अतरपुरी में करीब तीन वर्ष पूर्व निर्मित पानी की टंकी शोपीस बनकर रह गई है। दो करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनी टंकी से विभागीय लापरवाही के चलते पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। इससे करीब तीन हजार की आबादी को शुद्ध पेयजल नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीण हैंडपंप व अन्य पारंपरिक स्रोतों पर निर्भर रहने को मजबूर हैं।
विज्ञापन

ग्राम पंचायत महादेव अतरपुरी में महादेव, अतरपुरी और सिरसिया कल समेत तीन मजरे शामिल हैं। योजना के तहत हर घर नल से जल पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया था। कार्यदायी संस्था एलएनटी द्वारा टंकी का निर्माण भी पूरा कर दिया गया, लेकिन इसके बावजूद जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी। पाइपलाइन बिछने के बाद भी घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है।

प्रधान प्रतिनिधि एवं अधिवक्ता व्यास जी मिश्र ने बताया कि पानी टंकी का निर्माण काफी पहले पूरा हो चुका है, लेकिन विभाग की ओर से अब तक संचालन शुरू नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं हुई। गर्मी शुरू होते ही गांव में पेयजल संकट और गहरा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उन्हें नहीं मिल पा रहा है। गांव के कई मोहल्लों में हैंडपंप भी खराब पड़े हैं, जिससे लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है। महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन


सपना बनकर रह गया है शुद्ध पेयजल

ग्रामीण बृजेश कुमार शुक्ल, विनोद कुमार पांडेय, राज किशोर यादव और पंकज कुमार मिश्र ने बताया कि टंकी बनने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि अब घर-घर नल से पानी मिलेगा, लेकिन तीन साल बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में पानी की किल्लत बढ़ जाती है और लोगों को वैकल्पिक स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता है। ग्रामीणों ने जल्द जलापूर्ति शुरू कराने की मांग की है।

जल्द शुरू किया जाएगा संचालन

मामले की जानकारी मिली है। संबंधित कार्यों की समीक्षा कराई जाएगी और जो भी तकनीकी या विभागीय बाधाएं हैं, उन्हें दूर कर जल्द टंकी का संचालन शुरू कराने के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को योजना का लाभ मिल सके।
विज्ञापन


- संदीप सिंह, अधिशासी अभियंता जल निगम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें