पीएचसी अमरहवा का निरीक्षण करते सीएमओ ।-स्रोत : विभाग
बलरामपुर। छुट्टी के दिन मरीजों का उपचार करने के लिए रविवार को 31 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में 1951 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर बीमारियों से बचाव की जानकारी दी गई। इसमें 748 मरीज सर्दी-जुकाम व बुखार से पीड़ित दिखे।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जोकहिया में चिकित्साधिकारी डॉ. मोहसिन अली सिद्दीकी ने मरीजों का उपचार किया। दोपहर 12:10 बजे तक यहां 42 मरीजों का उपचार किया गया। चिकित्साधिकारी ने बताया कि इस समय तापमान बढ़ने के कारण टायफाइड के लक्षण वाले मरीजों की संख्या बढ़ी है। वायरल बुखार देखने को मिल रहा है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कौवापुर में 22 मरीजों का उपचार किया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमरहवा में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया।
वार्ड, पैथोलॉजी, लेबर रूम का निरीक्षण कर संसाधनों की जानकारी ली। चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों को समय से ओपीडी में बैठने व मरीजों के साथ विनम्र व्यवहार करने का निर्देश दिया। कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों का पंजीकरण कर सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप, शुगर, टीबी, कुष्ठ, नेत्र व दंत रोगों की जांच की जाए। साथ ही गर्भवती की प्रसव पूर्व जांच, परिवार नियोजन संबंधी परामर्श और बच्चों का टीकाकरण भी किया जाए। सीएमओ ने बताया कि जन आरोग्य मेले में 1951 मरीजों का उपचार किया गया है, जिनमें 794 पुरुष, 669 महिलाएं और 488 बच्चे शामिल हैं।इस अवसर पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जावेद अख्तर मौजूद रहे।