फोटो 32 बलरामपुर के श्रीनगर बाजार स्थित प्राचीन शक्तिपीठ जुआ देवी मंदिर का कराया जा रहा निर्माण
श्रीदत्तगंज। श्रीनगर बाजार स्थित प्राचीन शक्तिपीठ जुआ देवी मंदिर का कायाकल्प अब तेजी से आकार ले रहा है। शासन से स्वीकृत करीब 75 लाख रुपये की परियोजना के तहत मंदिर परिसर को न सिर्फ नया स्वरूप दिया जा रहा है, बल्कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक व्यवस्थाएं भी विकसित की जा रही हैं।
मंदिर के गर्भगृह में स्थापित होने वाली देवी की प्रतिमा विशेष रूप से जयपुर के कारीगरों द्वारा तैयार की जा रही है। निर्माण कार्य से जुड़े श्रवण जायसवाल के अनुसार मुख्य मंदिर और गर्भगृह का निर्माण पूरा होते ही इस प्रतिमा को यहां स्थापित किया जाएगा, जिससे मंदिर की भव्यता और आस्था दोनों में नई चमक आएगी।
वर्तमान में निर्माण कार्य तेजी पर है। मंदिर परिसर में करीब 11 फीट तक कॉलम खड़े किए जा चुके हैं, जबकि दीवारों का निर्माण जारी है। 12 फीट की ऊंचाई पर छत डालने की तैयारी चल रही है। इसके साथ ही सत्संग हॉल, पुजारी आवास और पुरुष-महिला शौचालय का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच चुका है, जिससे आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
यह पूरा प्रोजेक्ट जिला पर्यटन विभाग की निगरानी में संचालित हो रहा है। पहले चरण में मंदिर भवन निर्माण, परिसर का जीर्णोद्धार, पहुंच मार्ग का चौड़ीकरण व पक्कीकरण, पेयजल व्यवस्था और अन्य सामुदायिक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।
परियोजना के अगले चरण में बाउंड्रीवाल, मुख्य मंदिर का पूर्ण निर्माण और सूर्यकुंड के जीर्णोद्धार का कार्य प्रस्तावित है। इससे मंदिर परिसर का स्वरूप और अधिक आकर्षक व व्यवस्थित बनेगा। स्थानीय निवासी ओमबाबू पांडेय, सूर्य प्रकाश पाठक और राजेश मौर्य का कहना है कि जुआ देवी मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। सुंदरीकरण कार्य पूरा होने के बाद यहां धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलेगी और श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापार के अवसर भी बढ़ेंगे।