बलरामपुर। खाद-बीज के साथ सहकारी समितियों पर अब जेनरिक दवाएं भी मिलेंगी। जिले की दो समितियों पर जन औषधि केंद्र का संचालन होगा। सहकारी समितियों पर रौनक बढ़ेगी। समितियों की आय बढ़ने से यहां काम करने वाले कर्मचारियों को वेतन भी नियमित मिलेगा। इसके लिए समितियों के सचिव को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता के अधीन जिले भर में 62 सहकारी समितियां संचालित हो रही हैं। किसानों के हित में काम करने वाली समितियों की आय व रौनक बढ़ाने की तैयारी की गई थी। पॉयलेट प्रोजेक्ट के रूप में जिले के 32 सहकारी समितियों पर जन सुविधा केंद्र, सात समितियों पर जन औषधि केंद्र व पांच समितियों पर गोदाम का संचालन कराने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। शासन ने जिले की दो समितियों पर जन औषधि केंद्र का संचालन कराने के लिए हरी झंडी प्रदान कर दी है। एक समिति पर दवा भी आ गई है। एक समिति का लाइसेंस जारी किया गया है, जो शीघ्र ही दवा की ब्रिकी करेगी। एआर कोआपरेटिव अमरेश मणि तिवारी ने बताया कि सेखुईकला समिति पर जेनरिक दवाएं आ गई है, जिसकी बिक्री शुरू करा दी गई है। सहकारी समिति गैसड़ी का लाइसेंस जारी कर दिया गया है। यहां भी शीघ्र ही जेनरिक दवाओं की बिक्री शुरू करा दी जाएगी।