बलरामपुर। जिला पंचायत सभागार में गुरुवार को प्रधान सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ करते हुए सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि स्वच्छता अभियान सफल बनाने में प्रधानों की भूमिका सबसे अहम होगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत गठित ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति की सक्रिय भागीदारी से स्वास्थ्य योजनाओं को बल मिलेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक ने कहा कि ग्राम प्रधान कार्ययोजना बनाएं और कार्य करें। स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ विभागीय अफसरों व कर्मियों की भी नैतिक जिम्मेदारी है। विधायक ने कहा कि आयुष्मान कार्ड बनवाने में लापरवाही न बरती जाए।
कन्या सुमंगला योजना बेटियों के जीवन के लिए वरदान है। ग्राम प्रधान स्कूलों में पहुंचकर कन्या सुमंगला योजना के तहत बेटियों का फार्म भरवाएं और उन्हें लाभ दिलाएं। सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने पर सीएमओ ने बल दिया।
साफ-सफाई आदि के बारे में कार्यक्रम के माध्यम से प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में डॉ. कमाल अशरफ, गरिमा श्रीवास्तव, मंजुला आनंद, शिवेंद्र मणि त्रिपाठी, बृजेंद्र तिवारी, सौरभ त्रिपाठी, दल बहादुर सिंह, एनके पांडेय, महबूब आलम, विनोद त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।