बलरामपुर के रमईडीह जाने वाली सड़क, जिसका कराया जाएगा पुर्ननिर्माण।-संवाद
बलरामपुर। वर्षाें से जर्जर सड़क पर आवागमन कर रहे रमईडीह मुड़िला-मिश्रीडीह के लोगों को राहत मिलने वाली है। बरसात से पहले 18.71 लाख रुपये से सड़क का निर्माण कार्य कराया जाएगा। सड़क निर्माण की कवायद शुरू होने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जताई है।
रमईडीह मुड़िला मार्ग से ग्राम पंचायत मिश्रीडीह तक जाने वाली सड़क काफी जर्जर हो चुकी है। सड़क के पुनर्निर्माण की मांग क्षेत्रवासी कई वर्षों से कर रहे थे। अधिकारियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों से भी कई बार सड़क मरम्मत की मांग की गई। क्षेत्रवासियों की मांग पर पीडब्ल्यूडी ने सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को रिपोर्ट भेजी थी।
शासन से स्वीकृति मिलने के बाद सड़क निर्माण की कवायद तेज हो गई है। क्षेत्रवासी अनूप पांडेय, राजेंद्र, धर्मप्रकाश, मोहित व विक्की आदि ने बताया कि बरसात के मौसम में जर्जर सड़क पर जलभराव व कीचड़ की समस्या उत्पन्न हो जाती है। सड़क बनने से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इस संबंध में अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी राजेश कुमार ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए कवायद शुरू हो गई है। बरसात से पहले सड़क बनवा दी जाएगी।