फोटो-22-बलरामपुर के हुसैनाबाद पुलिस चौकी के सामने हुआ जलभराव ।-संवाद
उतरौला। हुसैनाबाद पुलिस चौकी के सामने मुख्य सड़क पर हल्की बारिश के बाद जलभराव होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जमा गंदे पानी के कारण पैदल राहगीरों, साइकिल और बाइक सवारों को जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ रहा है। चौकी के सामने होने के बावजूद समस्या लंबे समय से बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश होते ही सड़क तालाब का रूप ले लेती है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से पानी कई-कई दिनों तक जमा रहता है। इससे दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है और ग्राहकों को दुकान तक पहुंचने में दिक्कत होती है। दुकानदार रामकुमार गुप्ता, रिजवान अहमद और सुरेश वर्मा ने बताया कि कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं कराया गया। वहीं स्थानीय निवासी शकील अहमद और मोहम्मद आरिफ का कहना है कि गंदे पानी के कारण फिसलकर हादसे की आशंका बनी रहती है। बरसात के दिनों में बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी होती है। इन लोगों ने डीएम से सड़क पर जमा होने वाले पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को राहत मिल सके।