बलरामपुर। मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय के लिए भूमि खरीद की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसके चलते ही जमीन खरीदने में आ रही अड़चन को दूर करने के लिए शासन ने नए अधिकारी को नामित किया है। पूर्व में नामित अधिकारी के जिले में न आने से खरीद प्रक्रिया बीच में अटक गई थी। शुक्रवार को शासन की तरफ से नामित उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव प्रेम कुमार पांडेय जिले में पहुंचे।
उन्होंने भूमि खरीद के लिए प्रस्तावित ग्राम कोटलरा गोपालपुर का निरीक्षण एसडीएम व तहसीलदार के साथ कर किसानों से बातचीत भी की। जिलाधिकारी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि अधिग्रहीत भूमि बेचे जाने के लिए किसानों ने नामित अधिकारी संयुक्त सचिव की मौजूदगी में सहमति पत्र पर हस्ताक्षर भी कर दिये हैं। इसके बाद अब जल्द ही दर निर्धारण समिति का गठन कर समिति की बैठक कर आगे की कार्रवाई तय होगी।
विश्व विद्यालय निर्माण के लिए अध्यादेश के तहत अधिसूचना पहले ही जारी की जा चुकी है। सहमति पत्र पर हस्ताक्षर हो जाने के बाद अब विश्वविद्यालय निर्माण के लिए चिन्हित 20.3620 हेक्टेयर भूमि की खरीद प्रक्रिया को जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। प्रस्तावित मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय का निर्माण फुलवरिया बाई पास और प्रस्तावित रिंग रोड के मध्य होना है।