बलरामपुर। ऑनलाइन हाजिरी व महा निदेशक स्कूल शिक्षा के मनमाने रवैये के खिलाफ शिक्षकों ने ब्लॉक मुख्यालयों पर एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की समाप्ति पर सीएम योगी को संबोधित ज्ञापन भी खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपा। इसमें ऑनलाइन हाजिरी के खिलाफ विरोध जताते हुए समस्याओं के निराकरण की मांग प्रमुखता से की गई है।
अध्यक्ष राम समुझ यादव के नेतृत्व में उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ बलरामपुर के पदाधिकारी व शिक्षकों ने बीएसए कार्यालय पर प्रदर्शन किया। अध्यक्ष ने कहा कि महानिदेशक स्कूल शिक्षा बेसिक शिक्षा में प्रयोग के नाम पर शिक्षकों को प्रताड़ित करने का कार्य कर रहे हैं। इसी क्रम में शिक्षकों को निजी मोबाइल, निजी सिम, निजी आईडी व निजी डेटा से सुबह 8.45 से नौ बजे के बीच ऑनलाइन उपस्थिति चेहरा सहित देने का निर्देश दिया गया है। जो पूरी तरह बेसिक शिक्षा नियमों के खिलाफ है।
प्रदर्शनकारी शिक्षकों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए शिक्षकों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन बीएसए कल्पना देवी को सौंपा। इसी तरह शिक्षकों ने उतरौला ब्लॉक संसाधन केंद्र पर धरना प्रदर्शन किया। जिला महामंत्री व ब्लॉक अध्यक्ष बृजेश कुमार चौधरी ने कहा कि रोज नये प्रयोगों से शिक्षा व्यवस्था पटरी से उतर चुकी है। शिक्षकों की एक भी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। उनसे रविवार अवकाश के दिन भी अनावश्यक काम लिया जा रहा है। इसी तरह श्रीदत्तगंज, तुलसीपुर, गैसडी, गैड़ासबुजुर्ग, रेहरा बाजार, पचपेड़वा व शिवपुरा ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर भी शिक्षकों ने एकत्रित होकर अपनी मांगों के समर्थन में विरोध प्रदर्शन किया।