बलरामपुर। स्थानीय ब्लॉक में तीन फीडर से होने वाली बिजली आपूर्ति चार दिनों से गुल है। आंधी-पानी के दौरान तकनीकी खराबी आने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की समस्या बनी हुई है।
बिजली कटौती से क्षेत्र के लोगों का हाल बेहाल है। गर्मी के मौसम में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं ने एक्सईएन पावर कॉर्पोरेशन उतरौला को पत्र भेजकर तत्काल समस्या का निराकरण कराने की मांग की है। समस्या का शीघ्र निराकरण न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
क्षेत्र के बिजली उपभोक्ता बृजेश शुक्ल, बब्लू, ह्दयराम, संतराम, मंगल, प्रमोद, कमल गुप्ता, आज्ञाराम, मनोज दूबे, आशोक व राजेन्द्र आदि ने एक्सईएन पावर कार्पोरेशन उतरौला को भेजेे गए पत्र में कहा है कि पेहर, दतौली व रेहरा बाजार फीडर से होने वाली बिजली आपूर्ति चार दिनों से गुल है।
बीते दिन आई आंधी-पानी में तीनों फीडर में तकनीकी खराबी आ गई जिससे बिजली आपूर्ति ठप है। क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं को चार दिनों से भीषण गर्मी में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
तीनों फीडर से जुड़े करीब दो सौ गांवों के लोगों को रात ढिबरी के सहारे काटनी पड़ रही है। स्थानीय स्तर पर समस्या का निराकरण न होने पर बिजली उपभोक्ताओं ने एक्सईएन पावर कार्पोरेशन उतरौला से शीघ्र समस्या का निराकरण कराने की मांग की है। बिजली उपभोक्ताओं ने क्षेत्रीय विधायक से भी इस समस्या के बारे में बताया है।
रेहरा बाजार विद्युत उपखंड के एसडीओ अंकुर वर्मा ने बताया कि रेहरा उपखंड के चारों पैनल जर्जर हो चुके हैं जिसे बदलने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। ओवरलोडिंग कम करने के लिए एक और पैनल बढ़ाने के लिए भी प्रस्ताव में शामिल किया गया है।
पैनल मिलने के बाद तत्काल बदलकर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाएगी। उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा ने बताया कि कोरोना महामारी के चलते शासन से पैनल उपलब्ध होने में देरी हुई है। उतरौला विधायक ने एक्सईएन पावर कार्पोरेशन उतरौला को शीघ्र समस्या का निराकरण कराने का निर्देश दिया है।