बलरामपुर। पूर्व चेयरमैन नगर पंचायत तुलसीपुर फिरोज अहमद उर्फ पप्पू हत्याकांड में जिला जज न्यायालय से वादी ने मंगलवार को एमपी-एमएलए कोर्ट बदलने की अर्जी वापस ले ली है। पहले वादी ने जिला जज को कोर्ट बदलने का प्रार्थना पत्र दिया था। बहुचर्चित हत्याकांड में कोर्ट बदलने के फैसले को लेकर लोगों में उत्सुकता थी।
तुलसीपुर नगर पंचायत के जरवा मार्ग पर चार जनवरी 2022 की रात करीब 10:20 बजे पूर्व चेयरमैन फिरोज ''पप्पू'' की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने पूर्व सपा सांसद रिजवान जहीर, उनकी बेटी जेबा रिजवान व दामाद रमीज अहमद समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने मामले में पूर्व सांसद रिजवान जहीर पर गंभीर आरोप लगाकर रासुका में कार्रवाई की थी। मामले में पुलिस का आरोप था कि सपा में टिकट की दावेदारी को लेकर पूर्व चेयरमैन फिरोज अहमद उर्फ पप्पू की हत्या की गई है। वहीं पूर्व सांसद रिजवान जहीर इस समय ललितपुर जेल में बंद हैं। इस मुकदमें में पूर्व सांसद की बेटी जेबा रिजवान व दामाद रमीज अहमद जमानत पर हैं।
कल एमपी-एमएलए कोर्ट पर होगी सुनवाई
बलरामपुर। एमपी-एमएलए कोर्ट में 20 नवंबर को नगर पंचायत तुलसीपुर के पूर्व चेयरमैन फिरोज अहमद उर्फ पप्पू हत्याकांड के निर्णय पर सुनवाई होनी है। इस कोर्ट पर पहले विशेष न्यायाधीश दीप नारायण तिवारी बहुचर्चित हत्याकांड की सुनवाई कर रहे थे। उनका स्थानांतरण मऊ जिले में हो गया है। इस कोर्ट में अब नए जज को बहुचर्चित हत्याकांड की सुनवाई करनी है। बताया जा रहा है कि एमपी-एमएलए कोर्ट पर बहुचर्चित हत्याकांड की सुनवाई लगभग पूरी हो गई है। इसमें अब फैसला होना बाकी है। (संवाद)