बलरामपुर। किसानों को ब्याज सहित गन्ना मूल्य का भुगतान किया जाए। शीघ्र बकाया मूल्य गन्ने का भुगतान न होने पर आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। भारतीय किसान यूनियन ने प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कराए जाने की मांग उठाई है।
भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के जिलाध्यक्ष हृदयराम वर्मा, छेेदीराम, राजू पाठक, साबिर अली, वंशीलाल व राम सुंदर आदि ने प्रधानमंत्री को भेजे गए पत्र में कहा है कि जिले की कुछ चीनी मिले कई साल से किसानों का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं कर सकी है। बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान न होने से किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पुराने गन्ने मूल्य का भुगतान ब्याज के साथ कराया जाए। नया पेराई सत्र चलने से पहले ही गन्ने का दाम कम से कम 400 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए। धान क्रय केंद्रों पर किसानों की लूट की जा रही है। बिजली विभाग ने बिल में जो पैसा बढ़ाया है उसे तत्काल वापस लिया जाए। इस समस्याओं का शीघ्र निराकरण न होने पर यूनियन की तरफ से आंदोलन की चेतावनी दी गई है।