बहनों को निशुल्क बस सेवा का लाभ दिलाने की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। रक्षाबंधन पर बहनों को परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की तैयारी की जा रही है। वहीं, स्थानीय मार्गों पर बसों का फेरा बढ़ाया जाएगा ताकि किसी को कोई परेशानी न हो।
बलरामपुर डिपो की वरिष्ठ केंद्र प्रभारी तरन्नुम ने बताया कि निदेशालय से बहनों को निशुल्क यात्रा कराने के लिए शासनादेश आ गया है। रक्षाबंधन पर बहनों को उनके भाई के घर तक पहुंचाने के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। बलरामपुर निगम में इस समय 85 बसें संचालित हैं। इनमें 74 बसें परिवहन निगम की हैं, वहीं 11 बसें अनुबंधित हैं।
रक्षाबंधन पर बहनों को उनके भाई के घर पहुंचाने के लिए उस दिन सभी बसें ऑनरूट रखने के साथ ही लोकल रूटों पर बसों का फेरा भी बढ़ाया जाएगा, ताकि महिलाओं को आवागमन में कोई परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि बस में सफर करने वाली बहनों को बस परिचालक शून्य मूल्य का टिकट बनाकर देंगे। रक्षाबंधन पर निशुल्क यात्रा की सुविधा निगम की सभी श्रेणियों की बसों में लागू होगी। महिलाओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी चालक व परिचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए जा रहे हैं। यदि किसी रूट पर महिलाओं की संख्या अधिक रहेगी तो उस रूट पर बसों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।