बलरामपुर के एमएलके पीजी कॉलेज में आयोजित बैठक में मौजूद लोग ।-स्रोत : विभाग
बलरामपुर। जिले के करीब 80 स्थानों पर होलिका दहन के लिए नगर पालिका परिषद 10-10 क्विंटल लकड़ी, गुलाल और मिठाई देगी। होली की तैयारी को लेकर शुक्रवार को एमएलके पीजी कॉलेज के सभागार में होली कमेटियों, गणमान्य नागरिकों और अधिकारियों के साथ बैठक की गई। इसमें साफ-सफाई, पेयजल, पथ प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा हुई।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने कहा कि होलिका स्थलों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाकर चूने का छिड़काव कराया जाएगा, ताकि स्वच्छ और सुरक्षित माहौल में पर्व मनाया जा सके। मुख्य मार्गों और प्रमुख स्थानों पर पथ प्रकाश की व्यवस्था की जा रही है। यदि बिजली आपूर्ति बाधित होती है तो वैकल्पिक प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। चार मार्च को झारखंडी मंदिर से चौक बाजार तक शोभायात्रा निकाली जाएगी। बैठक की अध्यक्षता होली महोत्सव समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव ने की। मुख्य अतिथि गेल्हापुर महंत बृजानंद महाराज ने होली त्योहार को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। इस अवसर पर ईओ लाल चंद्र मौर्य, संजय शर्मा, अजय मिश्रा व प्रीतपाल सिंह आदि मौजूद रहे।