फोटो-30- नगर में टैंकर से पानी का छिड़काव करते नगर पालिका कर्मी। स्रोत विभाग
बलरामपुर। भीषण गर्मी और उमस से राहत देने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने अनूठी पहल की है। मंगलवार को नगर के प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर स्प्रे टैंकर से जल छिड़काव कराया गया। इससे सड़कों पर गर्मी का असर कुछ कम हुआ और बच्चों ने पानी में भीगकर खूब मस्ती की।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर शुरू किए गए इस पहल की निगरानी अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह बैस ने की। उन्होंने बताया कि तेज धूप और गर्म हवाओं से लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है। जल छिड़काव से वातावरण में ठंडक के साथ सड़कों पर उड़ने वाली धूल से भी लोगों को राहत मिली। नगरवासी सुरेश कुमार, मोहम्मद अकरम, शिव कुमार, रामतेज व महादेव मिश्र आदि ने नगर पालिका के इस पहल की सराहना की। सबसे अधिक उत्साह बच्चों में देखने को मिला। स्प्रे टैंकर से निकलती पानी की फुहारों के बीच बच्चों ने गर्मी से राहत का आनंद लिया और खुशी जाहिर की। अध्यक्ष प्रतिनिधि ने कहा कि मौसम की स्थिति को देखते हुए आगामी दिनों में भी आवश्यकता अनुसार जल छिड़काव कराया जाएगा।