बलरामपुर के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मौजूद पकड़े गए अभियुक्त।-संवाद
बलरामपुर। अज्ञात महिला की हत्या की गुत्थी पुलिस ने एक माह बाद समझा ली है। महिला की हत्या के आरोप में गौरा चौराहा थाने की पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रेम प्रसंग में महिला की हत्या उसके प्रेमी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर की थी। बस्ती में हत्या करने के बाद शव को जिले के गौरा चौराहा थाना क्षेत्र में फेंक गए थे।
एसपी विकास कुमार ने शुक्रवार को बताया कि 26 फरवरी 2025 को गौरा चौराहा थाना के जैतापुर निवासी ग्राम प्रहरी चौबेपुर राजाराम ने तहरीर दी थी। कहा था कि सुबह करीब 6.30 बजे महुवा से चौबेपुर जाने वाली नहर पक्की रोड किनारे 28 वर्षीय अज्ञात महिला का शव पड़ा है। गौरा चौराहा थाना में मुकदमा दर्ज किया गया था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाने से हत्या की पुष्टि हुई। एसपी ने घटना का खुलासा करने के लिए एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव व सीओ सिटी ज्योतिश्री के नेतृत्व में टीमें गठित की। सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व मुखबिर के माध्यम से महिला के हत्या की गुत्थी सुलझाई गई। युवती की पहचान बस्ती निवासी शीलम के रूप में हुई है।
एसपी ने बताया कि आरोपियों ने शीलम को मारने के बाद शव को चौबेपुर जाने वाली नहर के पास पक्की सड़क पर फेंककर एक्सीडेंट का रूप देने के लिए शव पर वाहन भी चढ़ाया था। आरोपियों ने यह भी बताया कि शीलम के मोबाइल को दिल्ली जाने वाली ट्रेन में रख दिया था, जिससे प्रतीत हो कि वह कहीं कमाने गई है। आरोपियों के बताने पर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल चमड़े की बेल्ट, स्टोल व एक जोड़ी चप्पल इटवा बांसी मार्ग के पुल के पास झाड़ी से बरामद की गई। आरोपियों की पहचान जनपद बस्ती के थाना सोनहा ग्राम लिदबा (चक्का चौराहा) निवासी सुनील कुमार ठाकरे, जनपद बस्ती थाना गौर के ग्राम रानीपुर बाबू निवासी राम गोपाल व जनपद बस्ती के ग्राम बलुवा चौबे निवासी जवाहर लाल के रूप में हुई। तीनों आरोपियों को न्यायालय में हाजिर करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम दिया गया है।
प्रेम-प्रसंग में किया था कत्ल, महिला का मोबाइल दिल्ली की ट्रेन में रखा
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि सुनील और शीलम का ढाई वर्ष से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। सुनील ने शीलम को जनपद बस्ती के शहर में किराये के मकान में रखा था। सुनील की सात वर्ष पहले शादी हो चुकी थी। सुनील की पहली पत्नी से एक बेटा है। जब शीलम ने सुनील पर शादी का दबाव बनाया तो उसे रास्ते से हटाने का मन बना लिया। तीनों आरोपियों ने शीलम को बस्ती के ही एक होटल में 25 फरवरी को खाना खिलाने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी। शव को गाड़ी से लेकर बलरामपुर पहुंचे और रात होने पर गौरा चौराहा थाना क्षेत्र के चौबेपुर के पास नहर के किनारे फेंक दिया और गाड़ी भी चढ़ा दी। पुलिस के मुताबिक राम गोपाल ने अपनी बेल्ट से शीलम का गला दबाया था। जवाहर लाल ने हाथ और सुनील ने मुंह दबा दिया था।