बलरामपुर के मचड़ी नेवलगढ़ में जाल में फंसा तेंदुआ ।-स्रोत: ग्रामीण
जरवा। सोहेलवा वन्यजीव प्रभाग के तुलसीपुर रेंज के मचड़ी-नेवलगढ़ गांव के पास सोमवार शाम तेंदुआ खेत के किनारे लगे लोहे के जाल में फंस गया। खेतों की ओर से आती तेंदुए की आवाज से ग्रामीण सहम गए। शाम करीब चार बजे कुछ ग्रामीण खेतों की ओर गए तो तेंदुए को खेत किनारे लगे लोहे के सुरक्षा जाल में बुरी तरह फंसा देखा।
ग्रामीणों के अनुसार तेंदुआ जंगल की ओर से गांव की तरफ आता दिखा था। कुछ ही देर बाद उसकी तेज आवाज सुनाई देने लगी। कुछ ग्रामीण खेतों के पास पहुंचे तो देखा कि तेंदुआ लोहे की जाली में फंस कर बार-बार उछल रहा था। जाल में फंसने के कारण वह आगे-पीछे नहीं जा पा रहा था और पंजों से जाल को तोड़ने की कोशिश कर रहा था। करीब आधे घंटे तक तेंदुआ इसी तरह जाल में फंसा रहा।
ग्रामीण रामाचार्य मिश्र ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। तुलसीपुर रेंज के रेंजर अमरजीत प्रसाद अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही तेंदुआ अचानक जाल से निकलने में सफल हो गया और तेजी से खेतों के रास्ते जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। रेंजर ने बताया कि वन विभाग की टीम पूरे क्षेत्र में गश्त कर रही है और ग्रामीणों को सतर्क रहने, अकेले खेतों में न जाने तथा रात के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी जा रही है। साथ ही वन्यजीवों से बचाव के उपाय भी बताए जा रहे हैं।