बलरामपुर में बारह रबी उल अव्वल को लेकर इस्लामी झंडो से बाजार में सजी दुकानें।
बलरामपुर। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के यौमे पैदाइश बारह रबी उल अव्वल के अवसर पर 25 और 26 अगस्त को जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। आयोजन को लेकर मुस्लिम समाज में उत्साह है। घरों और मस्जिदों को इस्लामी झंडों, रंगीन झालरों और रोशनी से सजाने का सिलसिला शुरू हो गया है।
मदरसा जामिया अरबिया अनवारुल कुरान अरबी कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य मौलाना मुफ्ती मुजम्मिल अख्तर मिस्बाही ने बताया कि बारह रबी उल अव्वल इस्लाम धर्म में महत्वपूर्ण दिन माना जाता है। इस दिन लोग इबादत, कुरान की तिलावत और दुआ करते हैं। भोर में कब्रिस्तान जाकर पूर्वजों की कब्रों पर फातिहा पढ़ने की भी परंपरा है। उन्होंने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब ने दुनिया को आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।
मुस्लिम धर्मगुरु सैय्यद अहमद रजा कादरी ने बताया कि 25 अगस्त की देर शाम मोहल्ला नौशहरा से जुलूस निकलेगा। यह वीर विनय चौराहा, चौक बाजार और सब्जी मंडी होते हुए सराय फाटक पहुंचेगा। 26 अगस्त को सुबह 8:30 बजे नौशहरा ईदगाह से जुलूस निकलेगा, जो नगर के विभिन्न मोहल्लों से होकर तुलसीपुर रोड स्थित प्राइवेट बस स्टैंड पर समाप्त होगा।
इस्लामी झंडों से सजने लगा बाजार
बारह रबी उल अव्वल को लेकर बाजार में भी रौनक बढ़ गई है। दुकानों पर इस्लामी झंडे, बैनर, स्टीकर, साफा, रंगीन झालर और मोमबत्तियां बिक रही हैं। लोग उत्साह के साथ इनकी खरीदारी कर रहे हैं।