बलरामपुर। पुलिस लाइंस के 50 स्टालों पर जिले के विकास की भव्यता दिखेगी। केंद्र व प्रदेश सरकार की सभी योजनाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। दो दिवसीय उद्यम समागम एवं एक जनपद एक उत्पाद के प्रदर्शन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। डीएम कृष्णा करुणेश व एसपी देवरंजन वर्मा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 18 सितंबर से होने वाले दिवसीय कार्यक्रम के तैयारियों की समीक्षा करते हुए अफसरों को निर्देश दिए।
उपायुक्त उद्योग रूपेश आनंद ने कहा कि पुलिस लाइंस में 18 व 19 सितंबर को दो दिवसीय उद्यम समागम एवं एक जनपद-एक उत्पाद के प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी में 50 स्टॉल लगाए जाएंगे। एक जनपद-एक उद्योग में शामिल मसूर दाल की विभिन्न वेराइटी के स्टॉल तथा उद्यमियों की तरफ से अपने उत्पादों से संबंधित स्टॉल लगाए जाएंगे। प्रदर्शनी में रेशम, खादी, उद्यान, कृषि, मत्स्य, खाद प्रासंस्करण व चीनी मिल की तरफ से भी उत्पादों एवं योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाकर प्रदर्शन किया जाएगा।
एसपी ने कहा कि पुलिस लाइंस में कैंटीन खोली जा रही है जिससे संबंधित स्टॉल प्रदर्शनी में लगाए जाएंगे। कैंटीन के सभी सामानों को सस्ते दामों पर बेंचा जाएगा। नो प्राफिट नो लॉस पर कैंटीन चलाई जाएगी। बैठक को डीएम ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रदर्शनी में सभी विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री आवास व स्वास्थ्य विभाग की तरफ से चलाई जा रही योजनाओं का स्टॉल लगाने के लिए डीएम ने संबंधित विभाग के अफसरों को निर्देश दिया।
डीएम ने संभावना जताते हुए कहा कि प्रदर्शनी का उद्घाटन जिले के प्रभारी मंत्री/होमगार्ड सैनिक कल्याण, नागरिक सुरक्षा एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के मंत्री चेतन चौहान की तरफ से किया जा सकता है। डीएम ने सभी विभागों के अफसरों को निर्देश दिया कि तैयारियां पूरी करके प्रदर्शनी का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं जिससे आम जनमानस को सरकारी योजनाओं का भरपूर लाभ मिल सके।