बलरामपुर/हरैया सतघरवा। सोहेलवा जंगल से निकले कचनी पहाड़ी नाले की पुलिया के पास मिली 20 वर्षीय युवती खुशी पासवान की गला दबाकर हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या के कारणों का खुलासा हुआ है।
हरैया के ग्राम बनकटवा खुर्द के पश्चिम कचनी पहाड़ी नाला पुलिया के पास शुक्रवार की शाम को राहगीरों ने युवती का शव पड़ा देखा था। ग्राम प्रहरी बलराम यादव की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। प्रभारी निरीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि मृतक युवती श्रावस्ती जनपद के भिनगा स्थित बनघुसरी गांव की निवासी थी। कोतवाली भिनगा में युवती की गुमशुदगी का मुकदमा पंजीकृत था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सांस रुकने से मृत्यु होना पाया गया है। केस से संबंधित कार्रवाई भिनगा पुलिस कर रही है।