-बलरामपुर के बड़ा परेड ग्राउंड में महोत्सव के लिए तैयार मैदान ।-संवाद
बलरामपुर। जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली परंपराओं का भव्य उत्सव बलरामपुर महोत्सव तीन अप्रैल से बड़ा परेड ग्राउंड में शुरू होगा। तीन दिवसीय इस महोत्सव का आयोजन प्रातः 11 बजे से रात्रि 10 बजे तक होगा। पहले दिन मालविका हरिओम अपनी मधुर आवाज में पारंपरिक और आधुनिक गीतों की प्रस्तुति देंगी। वहीं, हेमंत बृजवासी लोक गीतों और भक्ति संगीत के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
इसके बाद मंच पर कथक आधारित रामायण नृत्य नाटिका दिखाई जाएगी, जो दर्शकों को पौराणिक कथाओं के रंगीन रूप से परिचित कराएगी। शाम को तृप्ति शाक्या द्वारा भजन संध्या आयोजित होगी, जो भक्तिमय और सांस्कृतिक आनंद से परिपूर्ण रहेगी। डीएम विपिन कुमार जैन ने कहा कि बलरामपुर महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और प्रगति का जश्न है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सपरिवार आएं और कार्यक्रमों का आनंद लें।
एडीएम ज्योति राय ने बताया कि पहले दिन के लिए खासतौर पर संगीत और नृत्य कार्यक्रम रखे गए हैं। यह महोत्सव सभी उम्र के लोगों के लिए मनोरंजन और शिक्षा का मिश्रण लेकर आया है। तीनों दिन में आगंतुकों के लिए बुक फेयर, विज्ञान प्रदर्शनी, स्काई लालटेन शो, आतिशबाजी, लकी ड्रॉ, रोमांचक झूले, पपेट शो और लजीज व्यंजन उपलब्ध होंगे।
दूसरे और तीसरे दिन भी होंगे विविध कार्यक्रम
महोत्सव के दूसरे दिन यानी 4 अप्रैल को बॉलीवुड नाइट में मंच पर अल्ताफ राजा प्रस्तुति देंगे, जिससे महोत्सव में युवा दर्शकों के लिए रोमांच और ऊर्जा का अनुभव होगा। इसके साथ ही देश के प्रतिष्ठित कवियों के साथ अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें साहित्य प्रेमियों को अद्भुत अनुभव मिलेगा। पांचवें दिन, 5 अप्रैल को महोत्सव का समापन भोजपुरी नाइट के साथ होगा। इस रात कल्पना पटवारी की प्रस्तुति दर्शकों को भोजपुरी लोक संगीत की मिठास से रूबरू कराएगी। इसके साथ ही कुलदीप चौहान और जतिन निगम रंगारंग संगीत और नृत्य प्रस्तुत करेंगे।