फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: पीपीपी मॉडल पर गर्भवती की मुफ्त में होगी अल्ट्रासाउंड जांच

विज्ञापन
बलरामपुर के महिला अस्पताल में जुटी मरीजों की भीड़ ।-संवाद
विज्ञापन
बलरामपुर। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस पर ग्रामीण क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को मुफ्त में अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए प्रत्येक माह के एक, नौ, 16 व 24 तारीख को आयोजित होने वाले पीएमएसएमए दिवस पर आने वाली गर्भवती को वाउचर दिए जाएंगे। इसके माध्यम से गर्भवती किसी भी निजी केंद्रों पर जांच करा सकेंगी।
विज्ञापन

गर्भवती की जांच के लिए प्रत्येक महीने में चार दिन शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों में विशेष शिविर लगाए जाते हैं। शिविर में गर्भवती की जांच के साथ ही मातृ-शिशु के बेहतर स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दी जाती है। अब ब्लॉक क्षेत्रों में दिवस पर गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए वाउचर भी दिए जाएंगे, जिससे उनकी उनके क्षेत्र के ही निजी केंद्रों पर मुफ्त जांच हो सकेगी। अब तक यह सुविधा किसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के क्षेत्र में उपलब्ध नहीं थी। मुफ्त जांच के लिए महिलाओं को जिला मुख्यालय के चक्कर काटने पड़ते थे। ग्रामीण अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड मशीन न होने से गर्भवती को जांच के लिए 500-700 रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं।
37 स्वास्थ्य केंद्रों पर पड़ताल करेंगे अधिकारी
37 सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस पर गर्भवती के जांच व उपचार से संबंधित सुविधा की पड़ताल की जाएगी। इसके लिए सीएमओ ने 37 विभागीय अधिकारियों की सूची जारी की है। सभी अधिकारी संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रत्येक माह की एक, नौ, 16 व 24 तारीख को आयोजित होने वाली पीएमएसएमए दिवस पर सुविधाओं की जांच करेंगे। इसमें जिला संयुक्त जिला चिकित्सालय में एसीएमओ डॉ. एके शुक्ल, जिला महिला अस्पताल में एसीएमओ डॉ. मीनाक्षी चौधरी, सीएचसी गैड़ास बुजुर्ग में एसीएमओ डॉ. एके चौधरी, पीएचसी हरिहरगंज में अधीक्षक डॉ. जावेद अख्तर जांच करेंगे।
विज्ञापन

50 से अधिक अल्ट्रासाउंड सेंटर हैं इम्पैनल्ड
जिला मुख्यालय व नौ ब्लॉक क्षेत्रों में 50 से अधिक निजी अल्ट्रासाउंड सेंटर स्वास्थ्य विभाग की सूची में इम्पैनल्ड किए गए हैं। इन निजी केंद्रों पर गर्भवती मैन्युअल वाउचर के माध्यम से अल्ट्रासाउंड जांच करा सकेंगी। एक जांच के लिए निजी केंद्रों को 425 रुपये की दर से शासन स्तर से भुगतान किया जाएगा। इम्पैनल्ड अल्ट्रासाउंड सेंटरों की सूची सीएमओ कार्यालय व सभी सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चस्पा कर दी गई है।
गर्भवती को मिलेगी सुविधा
एक महीने में चार दिन गर्भवती को किसी भी सेंटर पर मुफ्त में अल्ट्रासाउंड जांच कराने की सुविधा मिलेगी। इससे सबसे ज्यादा ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को फायदा मिलेगा। वह लोग मुफ्त में अल्ट्रासाउंड जांच के लिए जिला अस्पताल का चक्कर लगाती हैं। भीड़ अधिक होने के कारण घंटों परेशान होना पड़ता है।
विज्ञापन

- डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी, सीएमओ बलरामपुर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें