बलरामपुर के गैसड़ी में बना किसान बाजार ।-संवाद
गैसड़ी। नगर में लाखों रुपये की लागत से बना किसान बाजार में बेमकसद साबित हो रहा है। दो वर्ष पूर्व किसान बाजार बनकर तैयार हो गया, लेकिन इसका लोकार्पण अब तक नहीं हो सका। इससे किसानों को खाद्यान्न, सब्जियां आदि औने-पौन दामों में इधर-उधर बेचना पड़ता है। किसान बाजार में गंदगी का अंबार लगा है।
व्यापारी परमजीत सिंह पम्मी ने बताया कि किसान बाजार का संचालन होने से क्षेत्रीय किसानों को काफी फायदा मिलेगा। थोक रेट में सब्जियों व खाद्यान्न वस्तुओं की बिक्री आसानी हो जाएगी। लोगों को इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। दुर्गा प्रसाद ने बताया कि वह सब्जी की खेती करते हैं और तुलसीपुर या पचपेड़वा ले जाकर के बेचते हैं, जिसे उन्हें औने-पौने दामों में बेचना पड़ता है। सब्जी का उचित रेट नहीं मिल पाता है। यहां बाजार होने से सहूलियत मिलेगी। क्षेत्रीय किसान कमलेश कुमार, इस्तेखार अहमद, रईस, मुकीम आदि ने किसान बाजार के संचालन कराए जाने की मांग की है।
मछली मंडी होगी शिफ्ट
किसान बाजार में सड़क के किनारे लगने वाली मछली मंडी को शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया चल रही है।
- अवनीश कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी