15 सितंबर को लाभार्थियों के खाते में पहुंचेंगी प्रथम किस्त संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। गरीबों के पक्के आवास में रहने का सपना अब पूरा होने को है। 15 सितंबर को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 825 अल्पसंख्यकों के खाते में प्रथम किस्त के रूप में 40 हजार रुपये की दर से कुल तीन करोड़ 30 लाख रुपये की राशि भेजी जाएगी।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवार को पक्के आवास में रहने का सपना पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का संचालन हो रहा है। इसके लिए पात्र के खाते में एक लाख 20 हजार रुपये की राशि भेजी जाती है। यह राशि तीन किस्तों में दी जाती है। प्रथम किस्त के रूप में 40 हजार तो दूसरी किस्त के रूप में 70 हजार व 10 हजार रुपये की तीसरी किस्त खाते में भेजी जाती है।
योजना के तहत जिले के 825 पात्रों को लाभ मिलने जा रहा है। परियोजना निदेशक कार्यालय के अनुसार 15 सितंबर को झारखंड के जमशेदपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक क्लिक से खाते में प्रथम किस्त के रूप में 40 हजार रुपये की दर से तीन करोड़ तीस लाख रुपये की राशि जिले के पात्रों भेजी जाएगी।
पीएम के कार्यक्रम का होगा लाइव प्रसारण
परियोजना निदेशक राघवेंद्र तिवारी ने बताया कि 15 सितंबर को सभी ब्लाॅक मुख्यालय पर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी कराया जाएगा। इस दौरान मौके पर ही कुछ पात्रों को डेमो चेक भी प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसके लिए सभी खंड विकास अधिकारियों के साथ ही पंचायत स्तर के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।