फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: 674 परियोजनाएं पूरी होने पर बदलेगी जिले की तस्वीर

विज्ञापन
बलरामपुर में विश्वविद्यालय का बनकर तैयार हुआ बनकर।-संवाद
विज्ञापन
बलरामपुर। जिले में 31.49 अरब से स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली व पानी जैसी सुविधाओं में सुधार हो रहा है। 674 परियोजनाएं पूरी होने के बाद जिले की तस्वीर बदलेगी। जनपद के पिछड़ापन का कलंक मिटेगा। परियोजनाओं के पूरा होने पर नेपाल सीमा से सटी बलरामपुर की 27 लाख आबादी की जीवनशैली में सुधार होगा। मेडिकल व उच्च शिक्षा के साथ जिले के लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
विज्ञापन


जिले में सभी परियोजनाओं की लागत 31 अरब 49 करोड़ तीन लाख रुपये है। संस्थाओं को अब तक 16 अरब एक करोड़ छह लाख रुपये दिए जा चुके हैं। इसमें कार्यदायी संस्थाओं ने अब तक 11 अरब 29 करोड़ 23 लाख रुपये खर्च किए हैं। दिसंबर 2025 तक परियोजनाओं का 70.53 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है।
मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय का 63 फीसदी काम पूरा
सदर ब्लॉक के कोयलरा-गाेपालपुर गांव में 163.52 करोड़ रुपये से मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय का निर्माण होना है। प्रथम चरण के कार्य के लिए शासन से 131.46 करोड़ रुपये मिल चुके हैं, जिसमें से 80.77 करोड़ रुपये से 20.36 हेक्टेयर क्षेत्रफल में एकेडमिक ब्लॉक, परीक्षा भवन, कुलपति दफ्तर, कला, वाणिज्य, शिक्षा, विज्ञान प्रयोगशाला व पुस्तकालय का निर्माण चल रहा है। विद्यार्थियों के लिए छात्रावास, आधारभूत सुविधाएं जैसे कैंटीन, हेल्थ सेंटर आदि की व्यवस्था भी की जा रही है। पहले चरण का करीब 63 फीसदी काम पूरा हो चुका है। जल्द ही बाकी काम भी पूरा होने की उम्मीद है।
विज्ञापन

सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट तैयार, चल रही जांच
शहर में 123.76 करोड़ रुपये से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) पूरी तरह तैयार हो गया है। इसकी औपचारिक शुरुआत भी जनवरी में कर दी गई है। अब घर-घर को इससे जोड़ने के लिए कनेक्शन की जांच की जा रही है। जल्द ही शहर की सड़कों पर फैले कीचड़, बदबू व गंदगी का सिलसिला खत्म हो जाएगा।
इसी सत्र से मेडिकल कॉलेज के संचालन की तैयारी
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न पंडित अटल बिहारी वाजपेयी की कर्मभूमि बलरामपुर में उन्हीं के नाम से 85.12 करोड़ से मेडिकल कॉलेज के भवन का निर्माण पूरा हो गया है। अब इसके संचालन का इंतजार है। संचालन के लिए मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश चतुर्वेदी ने संचालन के लिए मेडिकल शिक्षा विभाग को पत्र लिखा है। भवन की उपयोगिता का सर्वे कराने की मांग की है, ताकि 50 सीटों पर एमबीबीएस कक्षाओं का संचालन शुरू हो सके। 2026-2027 सत्र से ही मेडिकल कॉलेज के संचालन की तैयारी है। वहीं छात्रावास के निर्माण के लिए गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर जमीन तय हो गई है। मेडिकल कॉलेज चालू होने से जिले की 27 लाख आबादी का इलाज आसान होगा।
अप्रैल से शुरू हो सकती है रिंग रोड
शहर में जाम की समस्या काे कम करने के उद्देश्य से तीन वर्ष पूर्व 516 करोड़ रुपये की लागत से टू-लेन रिंग रोड का निर्माण शुरू किया गया। गोंडा रोड के दुल्हिनपुर से बिजलीपुर गांव तक 21 किलोमीटर लंबाई में सड़क तैयार की जा रही है। रिंग रोड 16 गांवों से होकर गुजरेगी। रेलवे लाइन पार करने के लिए फ्लाईओवर बन रहा है। रिंग रोड का करीब 72 फीसदी काम पूरा हो चुका है। अप्रैल तक इस पर वाहन फर्राटा भर सकेंगे।
उपभोग प्रमाण पत्र देने में न बरतें कोताही : डीएम
डीएम विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की गई। डीएम ने कहा कि जिले में 16 कार्यदायी संस्थाएं 674 परियोजनाओं का निर्माण करा रही हैं। सभी परियोजनाओं के निर्माण का उपभोग प्रमाण पत्र समय से प्रेषित करें, जिससे अगली किस्त समय पर मिल सके। निर्माण में लापरवाही व गुणवत्ता में समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। समय से परियोजनाओं का निर्माण पूरा होने से जिले को लाभ मिल सकेगा। बैठक में अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड कुमार शैलेंद्र, निर्माण खंड राजेश कुमार, बाढ़ खंड भरतराम, बीएसए शुभम शुक्ल, डीएसटीओ विजय शंकर व विनय यादव सहित सभी कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें